बात थोड़ी पुरानी है, लेकिन, मुझे महसूस हो रहा है कि ये आज के दौर में भी काफ़ी प्रासंगिक है. दरअसल, एक बार इस देश की स्थिति पर अपने एक परिचित से चर्चा करते वक़्त मुझे चुप कराने के लिए चंद पंक्तियाँ कही गयीं थी, जो कुछ इस तरह से है कि-
"मेरा कहना है कि मुज़रिमों को सज़ा दी जाये,
वरना, दीवार अदालत की गिरा दी जाये,
लेकिन, हममें से जो उभरता है वो बिक जाता है,
अगर, ये आलम है तो किस-किस को सज़ा दी.."
जी हाँ, ये चंद पंक्तियाँ कही तो तब गईं थी, लेकिन कल के अखबार में छपी एक ख़बर को देखते ही ये मुझे फिर से याद आ गयीं. ये ख़बर, जेसिका लाल हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त मनु शर्मा से सम्बंधित थी, जिसमें उसने अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए अदालत से पेरोल पर रिहा किये जाने की गुहार लगाई है. अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें नया क्या है. ऐसे बहाने कर के जेल के बाहर की हवा खाने के कोशिश तो हर रसूखदार और शातिर अपराधी करता है, तो, फिर मनु शर्मा पर मुझे आपत्ति क्यों है? लेकिन, मैं आपको बताना चाहता हूँ कि मेरी आपत्ति मनु शर्मा के अपील को ले कर नहीं है. मेरी आपत्ति उस महान वकील से है जो इस बेहूदा सी अपील को ले कर अदालत तक पहुँचा है. ये वो महान वकील हैं जो अक्सर ही ऐसे मुज़रिमों का केस लेकर अदालत में जाते दिख जायेंगे, जो आमतौर पर समाज के लिए ख़तरा हैं. अब शायद आपलोगों को अंदाज़ा लग ही गया होगा कि मैं इस देश के काबिल वकीलों में से एक राम जेठमलानी के बारे में बात कर रहा हूँ. हाल के दिनों में कई शातिर और खतरनाक अपराधियों को जेल से बाहर निकालने की मुहीम में बड़ी शिद्दत के साथ जुटे जेठमलानी जी का इस बार का लक्ष्य जेसिका लाल हत्याकांड में उम्रकैद की सज़ा भुगत रहे मनु शर्मा को किसी भी सूरत में जेल से बाहर निकालने की है. यही वजह है की अदालत में इस केस की सुनवाई के दौरान जब जज ने कुछ आपत्तियां जताईं, तो, जेठमलानी साहब ने उन आपत्तियों को कानूनी पेचीदगियों के मकड़जाल में उलझाने की पूरी कोशिश की. दरअसल, अदालत का सवाल उस घटना को लेकर था, जब मनु शर्मा पिछली बार पेरोल पर रिहा किये जाने के बाद 5 सितारा होटलों में पार्टियाँ करते देखा गया था. उस वक़्त उसने जेल से बाहर आने के लिए दादी की बीमारी और कुछ व्यावसायिक कार्यों को पूरा करने की दलील रखी थी. लेकिन, उसके बाद उसे होटलों में पार्टियाँ करते और डांस-क्लब में ऐश करते हुए देखा गया था. ये बात भी सामने नहीं आती, अगर कुछ संजीदा लोगों की निगाहें उस पर नहीं पड़ती. लेकिन, अदालत की इस आपत्ति पर जेठमलानी जी की ये दलील है कि तमाम व्यावसायिक मुलाकातें होटलों में ही होती हैं और उनके मुवक्किल ने ये पार्टियाँ इन मुलाकातों के दौरान ही किया. उनकी दलील ये भी है कि पेरोल पर रिहा हो कर पार्टियाँ करना और डांस-क्लब में जा कर ऐश करना कोई गुनाह नहीं है. उनकी दलील ये भी रही कि किसी को भी पेरोल पर रिहा किये जाने के लिए सिर्फ पिछले एक साल का रिकॉर्ड देखा जाता है और मनु शर्मा का रिकॉर्ड इस दौरान बेहतर रहा है. बेशक, जेठमलानी साहब की ये दलीलें अपनी जगह पर सही हैं, लेकिन, क्या उनकी अंतरात्मा कभी उनको नहीं झकझोरती? आख़िर ऐसे क्यों है कि एक ही वकील कभी मुंबई अंडरवर्ल्ड से सम्बन्ध रखने वाले लोगों की पैरवी करता है, तो, कभी आतंकवादी गतिविधियों में आरोपी व्यक्ति के लिए कानून की पेचीदगियों के साथ खेलता दिख जाता है. हाल ही में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गाँधी के हत्यारों को भी फांसी के फंदे से बचाने का बीड़ा उठाया है और इस दिशा में की गयी अपनी पहली कोशिश में वे मनु शर्मा के केस की तरह ही सफल भी हो गए हैं. लेकिन, इस हाई-प्रोफाइल वकील साहब कि आवाज़ भोपाल गैस काण्ड के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए क्यों नहीं उठती? ये ठीक है कि किसी भी वकील को अपने केस और मुवक्किल चुनने का पूरा अधिकार है. लेकिन, क्या इस अधिकार का प्रयोग सिर्फ देश और समाज के दुश्मनों की पैरवी के लिए ही किया जा सकता है. क्या एक महान वकील बनने की पात्रता बस इतनी ही है कि केवल नकारात्मक मामलों की ही पैरवी की जाए? इस समाज में न जाने कितने ही ऐसे लोग हैं जो वर्षों से इन्साफ पाने के इंतज़ार में दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं. कई ऐसे मामले आज भी अदालत की फाइलों में दबे पड़े हैं जिनकी पैरवी करके जेठमलानी जी जैसा काबिल वकील इस समाज का काफी भला कर सकता है. लेकिन, शायद ऐसा नहीं होगा? क्योंकि हमारे इर्द-गिर्द ऐसे लोगों की ही भरमार है जो महान बनने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं. फिर उनकी कोशिशों से समाज और देश पर क्या असर पड़ता है इससे उन्हें कोई मतलब नहीं और मेरे ख्याल में जेठमलानी जी भी ऐसे ही लोगों का ही शायद एक प्रतिबिम्ब हैं.. बाकि आपकी क्या राय है ये आप मुझे ज़रूर बताएं.

No comments:
Post a Comment